हिमाचल प्रदेश की एक महिला ने कांग्रेसी नेता पर गंभीर आरोप लगाया है। वहीं महिला ने नेता के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
हिमाचल प्रदेश की एक महिला ने कांग्रेसी नेता और बदरीबावला धर्मशाला के प्रबंधक भोमेश श्रीकुंज के खिलाफ उनका घरेलू सामान खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
रविवार देर रात हरिद्वार कोतवाली में भार्गव स्टेट गीता नगर शिमला की रहने वाली अंजू जोशी पत्नी रमेश जोशी ने बताया कि उसके दादा और बुआ बड़ी सब्जी मंडी स्थित बदरीबावला धर्मशाला में मैनेजर रहे हैं।
कुछ साल पूर्व उनका परिवार शिमला शिफ्ट हो गया था और घरेलू सामान धर्मशाला में ही था। आरोप है कि वर्ष 2009 में जब वे यहां आए तब देखा कि उनके कमरे में अस्थायी प्रबंधक कांग्रेसी नेता भोमेश श्रीकुंज रह रहा है।
सामान के बारे में पूछने पर प्रबंधक ने कहा कि उनका सामान कोर्ट ने कुर्क कर लिया है और वे कार्रवाई कोर्ट में ही कर लें। आरोप है कि प्रबंधक ने उनका घरेलू सामान गायब कर दिया है और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि भोमेश श्रीकुंज के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भोमेश श्रीकुंज वही है जिसकी हत्या का ताना बाना बुना जा चुका था, लेकिन संयोग से वह बच गया। दरअसल, कंबल कारोबारी अमित दीक्षित की हत्या करने वाले शूटरों ने प्रॉपर्टी डीलर सुभाष सैनी की हत्या करनी थी, लेकिन हुलिया मिलता जुलता होने के चलते अमित टॉरगेट बन गया।
यदि वे सुभाष सैनी की हत्या करने में सफल रहते तो उसके बाद अगला नंबर उसी दिन भोमेश श्रीकुंज का ही था। गलत टॉरगेट को चुन लेने की गलती के बाद उन्हें इरादा छोड़ना पड़ा।