उत्तराखंड में शराब विरोधी आंदोलन के साथ ही अब महिलाओं ने गांवों में शराब के चलन पर प्रभावी रोक लगाने की योजना तैयार कर ली है। चमोली जनपद में बंड क्षेत्र के जैंसाल गांव के महिला मंगल दल ने गांव की शादी-बारात में शराब पीने और पिलाने वालों पर जुर्माना वसूलने का निर्णय लिया है।
23अप्रैल को महिला मंगल दल जैंसाल की ओर से गांव में बैठक की गई। इसमें शराब के चलन से गांव में हो रही परेशानियों पर चर्चा की गई। इसके बाद निर्णय लिया गया कि गांव में शादी-बारात के साथ ही सामान्य तौर पर भी शराब पीने-पिलाने वालों से पांच हजार का जुर्माना वसूला जाएगा।
शराब पर प्रभावी रोक लगाने के लिए महिला मंगल दल द्वारा महिलाओं के समूह बनाए गए हैं, जो समय-समय पर गांव में शराब को लेकर छापेमारी करेगा।
महिला मंगल दल अध्यक्ष रीना देवी डंडरियाल ने बताया कि शादी बारातों में शराब चलन के चलते अक्सर असामाजिक लोग झगड़ा करते हैं।
शादी-ब्याह में शराब के चलन से युवा पीढ़ी भी प्रभावित हो रही है। कहा कि जुर्माना वसूल किए जाने के बाद भी यदि कोई शराब पीता है या पिलाता है तो उसका गांव से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।