हरिद्वार में रोडवेज बस की चपेट में आने से एक महिला कांवड़िया की मौत हो गई। जिससे गुस्साएं अन्य कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया।
रविवार की सुबह करीब छह बजे श्यामपुर में नजीबाबाद हाईवे पर एक महिला कांवड़िया रोडवेज बस की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने रोडवेज बस के शीशे तोड़ दिए और हाईवे जाम कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने की कोशिश की।
ऋषिकेश हाईवे पर कमान्द के पास कांवडियो की बाइक दुर्घटना ग्रस्त हो गई। हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई। बताया गया कांवड़िए
मुजफ्फरनगर से गंगोत्री जा रहे थे। कमान्द के समीप बाइक संख्या यूपी12यू3971 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें एक कांवड़ियां निशांत पुत्र रामवीर, निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी घायल हो गया, जिसकी कंडीसोड़ चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
वहीं देहरादून में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत के बाद अब रुड़की में डेंगू ने दस्तक दी है। एक बच्ची में प्लेटलेट कम होने के बाद चिकित्सक डेंगू की संभावना जता रहे हैं, हालांकि एलाइजा जांच करवाने के बाद डेंगू की पुष्टि हो पाएगी, लेकिन सिविल अस्पताल रुड़की में जानलेवा बीमारियों की रोकथाम के लिए कोई इंतजाम तक नहीं है।
जानकारी लेने पर अस्पताल कर्मियों ने पिछले साल बनाए गए डेंगू वार्ड का ताला खुलवाकर कमरे की धूल उतारी। रुड़की में डेंगू ने दस्तक दे दी है। धनौरी से शिवदासपुर तेलीवाला के उपप्रधान अशोक की बेटी शिवानी (15) को एक दिन पहले शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्लेटलेट कम पाए जाने पर डाक्टरों ने उसमें डेंगू की संभावना जताई है। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है, लेकिन मामला संज्ञान में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अंजान बना हुआ है।
यह स्थिति तब है जबकि पिछले कई वर्षों से अगस्त में डेंगू, चिकनगुनिया और स्वाइन फ्लू ने शहर से देहात तक कहर बरपाया। कई लोगों को बीमारियों से जान भी गंवानी पड़ी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इससे सबक नहीं लिया।