फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिटी बस ने तोड़ दिया महिला का पैर

Mon, 04 Aug 2014 11:24 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
देहरादून में सिटी बस सेवा महासंघ के पदाधिकारी सिटी बसों को नियम कायदे से चलाने की बात कर रहे थे तो दूसरी ओर शाम को एक बस चालक की लापरवाही से बुजुर्ग महिला का पैर टूट गया।
विज्ञापन


अब देखना यह है कि सोमवार से सिटी बसों के चालक और परिचालक कितना नियमों का पालन करते हैं।

वर्दी में रहेंगे सिटी बस चालक-परिचालक
सिटी बसों में यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर यह है कि सोमवार से नीली बसों में टिकट मिलेगा।

चालक-परिचालक वर्दी में होंगे और यात्रियों से अच्छा व्यवहार करेंगे। महिलाओं और विकलांगों के लिए सीट आरक्षित रहेगी।

बस चालक गाड़ी को तेज रफ्तार से नहीं चलाएंगे। इनमें से एक भी नियम का उल्लंघन हुआ तो सिटी बस सेवा महासंघ बस संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। साथ ही उसकी शिकायत आरटीओ विभाग से की जाएगी।

शहर में सिटी बसों की अराजकता के मुद्दे को अमर उजाला प्रमुखता से उठाता रहा है। अमर उजाला में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए बीते गुरुवार एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय सादी वर्दी में एक बस में सवारी की थी।
विज्ञापन


इस दौरान वह बसों की मनमानी से रूबरू हुए थे। इसके बाद पुलिस ने सिटी बसों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।

रविवार को देहरादून महानगर सिटी बस सेवा महासंघ की आपात बैठक हुई। बैठक में सभी यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

महासंघ के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने बताया कि बैठक में तीन बिंदुओं पर सहमति बन गई है। तय किया गया है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में गोपाल भंडारी, अनुज चंदेल, भगवती भट्ट, पंकज गुप्ता, अजय उनियाल, अनुज गोयल, देवेंद्र चौहान, देवेंद्र गैरोला, भीम कुमार, केसर सिंह रावत, उपेंद्र रावत, प्रशांत डोभाल, मनमोहन बिष्ट, राकेश सोनकर, राजेंद्र शर्मा, अमित पंवार, विजेंद्र आदि लोग मौजूद रहे।

तोड़ डाला महिला का पैर...
एसपी के निरीक्षण और सिटी बस चालक महासंघ की चेतावनी के बावजूद सिटी बस चालक सुधरने के लिए तैयार नहीं दिख रहे। बस चालक की लापरवाही से एक और महिला हादसे का शिकार हो गई।

बुजुर्ग महिला के उतरने से पहले ही ड्राइवर ने बस दौड़ा दी। सड़क पर गिरी महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। हालांकि, अभी पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है।

रविवार शाम सीमाद्वार के पास सिटी बस रुकी। बस में सवार बुजुर्ग महिला उतरने लगी, तभी ड्राइवर ने बस चला दी। इससे बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि बस का पहिया उन पर नहीं आया।

महिला के गिरते ही भीड़ जुट गई। इस बीच सूचना पर महिला के परिजन आए और आटो में बैठाकर अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि बस का कंडक्टर भी महिला के साथ क्लीनिक गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि चालक काफी तेज रफ्तार से बस चला रहा था। चालक और परिचालक ने वर्दी भी नहीं पहनी थी। आरोप है कि महिला के उतरने से पहले ही ड्राइवर ने बस चला दी।

उधर, बसंत विहार थाने के प्रभारी एसओ सतेंद्र सिंह ने बताया पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन महिला को अस्पताल ले गए थे। देर रात तक थाने में शिकायत नहीं की गई थी।
विज्ञापन


(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-manmeetr@ddn.amarujala.com और इस नंबर- 8392946711 पर संपर्क कर सकते हैं।)
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें