जंगल में घास लेने गई मांजफ गांव की एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी भेज दिया है।
ससुराल और मायके पक्ष की ओर से इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। महिला के शरीर पर चोट के भी कोई निशान नहीं हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
ओण पट्टी के मांजफ गांव निवासी नत्थी लाल की पत्नी प्रर्मिला (25) 15 मई की शाम घास लेने पास के जंगल में गई थी। जब वह रात 8 बजे तक घर नहीं लौटी तो परिजनों और गांव वालों ने उसकी खोज शुरू की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर 16 मई को ढुंगमंदार से मायके पक्ष के लोग भी मंजाफ पहुंचे।
खोज के दौरान रात 11 बजे महिला का शव गांव से दो किमी दूर जंगल में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। ग्राम प्रधान दिनेश मेहर की सूचना पर बुधवार को लंबगांव थाने से एसआई सुरेश कुकशाल और तहसीलदार सोहन सिंह मौके पर पहुंचे।
एसआई सुरेश ने बताया कि मृतक महिला की दो साल की एक बेटी है और पांच साल पहले शादी हुई थी। महिला का पति खेती करता है। मायके और ससुराल दोनों पक्षों की सहमति के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी भेज दिया है।