शहर के हुसैनगंज क्षेत्र में बुधवार की देर रात 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। गुरुवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम डॉक्टरों का पैनल करेगा।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को रात करीब 10:09 बजे कोतवाली मसूरी को एक महिला के फांसी लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने पर महिला रंकिता कृतानिया (30) असवाल पत्नी पवन असवाल कमरे में डबल बेड पर पड़ी मिली। शव कंबल से ढका हुआ था। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना स्थल पर पहुंचने से पहले परिजनों ने महिला को पंखे से लगे फंदे से नीचे उतार दिया था। मौके पर पहुंची एंबुलेंस के फार्मासिस्ट राजेश ने महिला का परीक्षण किया। उनके अनुसार महिला में जीवन के संकेत नहीं मिले। करीब तीन घंटे पहले मौत होने की आशंका जताई गई।
पति ने पुलिस को बताया घटनाक्रम
पुलिस पूछताछ में मृतका के पति पवन असवाल ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह पत्नी के साथ मसूरी बाजार से सब्जी लेकर घर लौटा था। इसके बाद उसने फुटबॉल खेलने जाने की बात कही, जिस पर पत्नी नाराज हो गई और उसका बैग छीन लिया। पत्नी के नाराज होने पर उसने खेलने जाने का निर्णय छोड़ दिया। इसके बाद पत्नी कमरे में चली गई। पति के अनुसार कुछ देर बाद जब उनकी छोटी बेटी रोने लगी तो उसने पत्नी के कमरे का दरवाजा खटखटाकर दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने दरवाजे का शीशा हटाकर अंदर देखा। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, अंदर पत्नी पंखे के सहारे फंदे से लटकी दिखाई दी। इसके बाद परिवार की एक बच्ची की मदद से कमरे की कुंडी खोली गई और महिला को नीचे उतारा गया। कोई हलचल नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने एफएसएल टीम को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।