कोतवाली नगर क्षेत्र में एक महिला ने बैंक के अंदर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। वसंत विहार क्षेत्र निवासी दीप्ति सिंह ने बताया कि 11 मार्च को शाम करीब चार बजे जगजीत सिंह नामक व्यक्ति ने पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस शाखा में उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी और शिकायत करने पर गंभीर नुकसान पहुंचाने की बात कही। घटना से पीड़िता और उनका परिवार भयभीत है। कोतवाली प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Iपड़ोसियों पर मारपीट करने का आरोप
I
पटेलनगर क्षेत्र के झीवरहेड़ी इलाके में पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। क्षेत्र निवासी खुर्शीदा ने शिकायत में बताया कि 28 फरवरी की शाम पड़ोसी मुस्तकीम, मुबारिक और अन्य लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस हमले में उनके पति महमूद (61) गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटियों और बेटों को भी मारपीट में चोटें आई हैं। थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Iघर में घुसकर हमला करने का आरोप
I
पटेलनगर क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी में एक परिवार ने दर्जनों लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। रूबी कुरैशी ने शिकायत में बताया कि नौ मार्च की रात अरशद से कहासुनी के बाद उसने करीब 45-50 लोगों को बुला लिया, जिन्होंने घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथ में चाकू, डंडे और रॉड थे। हमले में अब्बास के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसमें 12 टांके लगे। थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।