खबर चलाने के नाम पर ब्लैकमेल कर बुजुर्ग से रुपये मांगने वाले यूट्यूबर्स के खिलाफ अब एलआईयू के दरोगा ने भी तहरीर दी है। यूट्यूबर्स में से एक ने स्वयं को एलआईयू का दरोगा मुकेश बताया था।
27 जनवरी को डाकपत्थर पुल नंबर एक निवासी प्रताप सिंह राय ने पुलिस को तहरीर दी थी।
बताया कि था कि छह लोगों ने स्वयं को यूट्यूबर्स मीडियाकर्मी और एलआईयू दरोगा मुकेश बताकर उनसे 60 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर ब्लैकमेल कर खबर चलाने की धमकी दी। मामले में बुधवार को एलआईयू दरोगा मुकेश ने भी कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनके खिलाफ झूठी शिकायत दी गई है। बताया कि 27 जनवरी को वह पीएम की सुरक्षा ड्यूटी की ब्रीफिंग में महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज रायपुर में थे। उनकी लोकेशन की जांच की जा सकती है। बताया कि झूठी सूचना देने और एलआईयू के नाम से शिकायतकर्ता से उगाही करने पर यूट्यूबर्स मीडियाकर्मी पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि ब्लैकमेलिंग के लिए खुफिया पुलिस के दरोगा के नाम का प्रयोग करना गंभीर आरोप है। शिकायतकर्ता की ओर से भी तहरीर मिली थी। मामले की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से करें शिकायत, चुप न रहें
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने के नाम पर कोई ब्लैकमेल कर रुपये मांगता है तो बिल्कुल भी न घबराएं। लोगों को अपने कानूनी अधिकारों को समझने की जरूरत है। ऐसे में पीड़ित को सीधा पुलिस को शिकायत करनी चाहिए। पुलिस ऐसी ब्लैकमेलिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand News: प्रदेश में छठे राज्य वित्त आयोग का गठन, पूर्व मुख्य सचिव एन रविशंकर बने अध्यक्ष
नजदीकी पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार कुछ खुफिया पुलिसकर्मियों की क्षेत्र के कई यूट्यूबर्स से खास नजदीकी है। उनके साथ उठने बैठने का फायदा ही खबर चलाने के नाम पर बुजुर्ग को ब्लैकमेल करने वाले यूट्यूबर्स ने उठाया।