हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद डीएवी और डीबीएस पीजी कॉलेज में यूजी में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। एसजीआरआर पीजी कॉलेज ने भी हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। इसके साथ ही कॉलेज ने यूजी में प्रवेश के लिए छात्रों के पंजीकरण भी शुरू कर दिए हैं। अब तक करीब 50 छात्र पंजीकरण करा चुके हैं।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो प्रदीप सिंह ने बताया कि कॉलेज हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुका है, उम्मीद है कि हाईकोर्ट से स्टे मिल जाएगा। वहीं सीयूईटी का रिजल्ट जारी होने के बाद से छात्रों को पंजीकरण करने को कहा जा रहा है। अब तक 50 छात्र पंजीकरण कर चुके हैं।
पहले दिन डीबीएस में हुई 118 रजिस्ट्रेशन
डीबीएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीसी पांडेय ने बताया कि मंगलवार से कॉलेज की वेबसाइट पंजीकरण के लिए खोल दी गई थी। पहले दिन शाम तक 118 छात्रों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। वहीं, डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो केआर जैन ने बताया कि 24 घंटे में 774 छात्रों ने यूजी में प्रवेश के लिए पंजीकरण करवाया है। इसके अलावा कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम के दूसरे सेमेस्टर की कक्षाएं चल रही हैं, लेकिन छात्र कक्षा में बहुत कम ही आ रहे हैं। इसके अलावा इन कक्षाओं की आंतरिक परीक्षाएं भी 27 जुलाई से होंगी। ऐसे में परीक्षा से पहले छात्र कक्षा में आते हैं तो उन्हें फायदा होगा।
इन कॉलेजों को हाई कोर्ट से मिला स्टे
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि ने देहरादून समेत अन्य जिलों के अशासकीय कॉलेजों की संबद्धता समाप्त कर दी है। विवि के इस निर्णय के खिलाफ देहरादून से डीएवी, डीबीएस, डीडब्ल्यूडी कॉलेज हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुके हैं और उन्हें हाई कोर्ट से स्टे मिल चुका है। कोर्ट ने संबद्धता समाप्त करने के फैसले पर रोक लगा दी गई है। एसजीआरआर ने भी याचिका लगा दी है और कोर्ट के फैसले का इंतजार है। उधर एमकेपी पीजी कॉलेज भी हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। इन सभी कॉलेजों में छात्रों के दाखिले (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) सीयूईटी के माध्यम से होने हैं।