I
I- 30 बच्चे भी मिल रहे वायरल फीवर से ग्रस्तI
मौसम में परिवर्तन के साथ ही सरकारी अस्पतालों में वायरल फीवर के मामले बढ़ने लगे हैं। लोग बुखार, सिरदर्द, खांसी, जुकाम के साथ पेट में मरोड़ की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। शनिवार को उप जिला अस्पताल की ओपीडी में 500 मरीज पहुंचे। इनमें 90 मरीज वायरल फीवर से ग्रस्त थे, जिसमें 30 बच्चे शामिल रहे। वहीं, 50 मरीज सामान्य सर्दी जुकाम के थे।
उप जिला अस्पताल चिकित्सा अधीक्षक व वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय सिंह ने बताया कि मौसम में परिवर्तन होने से वायरल और बैक्टरियल संक्रमण के मामले बढ़ जाते है। उन्होंने बताया कि अभी सुबह और शाम ठंड है, लेकिन दिन में धूप से मौसम गर्म हो जा रहा है। बताया कि कई लोग सुबह-शाम ठंड में पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और खानपान को लेकर लापरवाही बरतने लगे हैं। इससे वह आसानी से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब तक मौसम पूरी तरह परिवर्तित नहीं होता, बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। खासकर बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। अगर बच्चों में सर्दी-जुकाम और बुखार जैसे लक्षण हैं तो उनको स्कूल न भेजें।