- सर्वे मैदान से लाइब्रेरी चौक तक निकाली गई सांस्कृतिक शोभायात्रा पर हेलीकाॅप्टर से हुई पुष्पवर्षा
- आईटीबीपी और सीआरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
मसूरी। शहर में बुधवार को विंटर लाइन कार्निवाल का रंगारंग आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सर्वे मैदान से लाइब्रेरी चौक तक भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पहली बार हेलीकाॅप्टर से पुष्पवर्षा की गई। यात्रा के साथ सांस्कृतिक दल और कलाकार ढोल-दमाऊ की थाप पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। शहर में 29 दिसंबर तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ एसडीएम राहुल आनंद और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया। इस दौरान लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। लाइब्रेरी चौक पर आईटीबीपी और सीआरपीएफ बैंड ने शानदार प्रस्तुति दी। स्वजन शिक्षा समिति के कलाकारों ने लोकगीतों के साथ नृत्य की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साह से भर दिया। कार्निवाल में उत्तराखंड के लोक कलाकारों और राज्य के व्यंजनों को प्राथमिकता दी जा रही है। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले कार्निवाल में पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति और लोक परंपराओं को जानने का मौका मिलेगा। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्ष 2013 में आई आपदा के बाद से मसूरी की पर्यटन गतिविधियां खत्म हो गई थीं। पर्यटन को फिर से पटरी पर लाने के लिए विंटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के शुरू होते ही मसूरी की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौट आई है। कार्निवाल के पहले दिन को इंद्रमणि बडोनी को समर्पित किया गया है। दूसरा दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम रहेगा। मंत्री ने विंटर लाइन के शानदार आगाज के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी, राजेंद्र रावत, गुडमोहन राणा, सतीश ढौडियाल, अनीता सक्सेना, सभासद रणवीर कंडारी, गौरी थपलियाल, रुचिता गुप्ता आदि मौजूद रहे।
लोकनायक इंद्रमणि बडोनी की डॉक्यूमेंट्री फिल्म को लोगों ने सराहा
विंटर लाइन कार्निवाल की स्टार नाइट में लोकनायक इंद्रमणि बडोनी की डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। इसमें बडोनी के जन्म से लेकर उनके राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष को दिखाया गया। डाक्यूमेंट्री में उन पर एक गीत कु होलु... भी फिल्माया गया जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म में बडोनी के कार्य एवं संघर्ष के दुर्लभ चित्र संजोए गए हैं। फिल्म निर्माता प्रदीप भंडारी ने बताया कि आम लोगों के लिए भी इसे रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में बडोनी के मूल गांव अखोड़ी और उनकी ऋषिकेश की कुटिया विट्ठल आश्रम को भी दर्शाया गया है। वहीं, स्टार नाइट कार्यक्रम में कलाकारों ने वीर भड़ माधो सिंह भंडारी पर आधारित गीत नृत्य-नाटिका की भी शानदार प्रस्तुति दी। इसमें वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की भूमिका में उत्तराखंड के जाने माने कलाकार बलदेव सिंह राणा नजर आए। इसके अलावा अन्य कलाकारों ने मिनी उनियाल, सानवी चौहान, सुमन गौड़ और राजेंद्र सिंह रावत ने भूमिका निभाई। नृत्य नाटिका को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल की सांस्कृतिक यात्रा में लोक कलाकारों ने चौक चौराहों पर दी कार्यक्रम
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल की सांस्कृतिक यात्रा में लोक कलाकारों ने चौक चौराहों पर दी कार्यक्रम
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल की सांस्कृतिक यात्रा में लोक कलाकारों ने चौक चौराहों पर दी कार्यक्रम
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल की सांस्कृतिक यात्रा में लोक कलाकारों ने चौक चौराहों पर दी कार्यक्रम
मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल की सांस्कृतिक यात्रा में लोक कलाकारों ने चौक चौराहों पर दी कार्यक्रम