उत्तराखंड के रामनगर में नरभक्षी बाघ की मौत जेसीबी से कुचलकर हुई थी। बाघ के रेस्क्यू का वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ने अपनी रिपोर्ट में इस बाबत खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक बाघ के रेस्क्यू में कई तय नियमों का भी उल्लंघन किया गया था।
एनटीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि रिपोर्ट अंतिम स्वीकृति के लिए चेयरमैन के पास भेज दी गई है। जल्द ही जवाब के लिए इस रिपोर्ट को उत्तराखंड के मुख्य सचिव को भेजा जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया है कि रेस्क्यू के दौरान संबंधित गाइडलाइन और नियमों का खुलेआम उल्लंघन हुआ है। रिपोर्ट पर चेयरमैन की मंजूरी मिलने के बाद इसे उत्तराखंड के मुख्य सचिव को भेजेंगे और साथ ही पत्र भी लिखेंगे।
उल्लेखनीय है कि रामनगर में नरभक्षी बाघ की रेस्क्यू के दौरान जेसीबी से मौत होने की बात सामने आने के बाद 21 मार्च को एनटीसीए और भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। नरभक्षी बाघ ने 16 मार्च को दो लोगों को मार डाला था।