उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के चीड़ के कई जंगलों में आग लगी हुई है। वनों की आग के कारण वातावरण में धुंध गहराती जा रही है।
शुक्रवार को भी जिले के गरुड़, कपकोट, कांडा, कमेड़ी आदि क्षेत्रों के जंगलों में लगी आग से लपटें उठती रही। इस साल बारिश नहीं होने से फायर सीजन से पहले ही चीड़ के वनों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया था।
जिला मुख्यालय से सटे वनों में भी आग लग चुकी है। लगातार आग लगने और बारिश नहीं होने से धुंध की समस्या बढ़ती जा रही है।
उधर, मुनस्यारी में पिछले तीन दिनों से एक बार फिर बुग्यालों में लगी आग का धुआं चारों तरफ फैल गया है। इस कारण मुनस्यारी से हिमालय की चोटियां नजर नहीं आ रही हैं।
वहीं, अल्मोड़ा जिले के क्वारब के निकट शुक्रवार को जंगल में आग धधक गई थी। आग से वन संपदा के साथ ही जंगली पशु पक्षी भी हताहत हुए हैं।