पति के लिव इन रिलेशनशिप का पता चलने पर पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ काशीपुर पहुंची और पति को प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। रंगे हाथों पकड़े जाने पर पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी को पीट दिया।
इसके बाद से महिला और उसके बच्चे गायब हैं। महिला के ससुर ने अपने बेटे और उसकी प्रेमिका पर बहू और पोतियों को गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से बरामदगी की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में जनपद बिजनौर थाना अफजलगढ़ के ग्राम चौड़वाला हिराजपुर निवासी धर्मपाल ने कहा है कि उसके पुत्र सोमपाल की पत्नी और तीन बेटियां हैं। पिछले दो माह से सोमपाल अक्सर घर से बाहर रहता है। पूछने पर वह कभी हरिद्वार तो कभी बिजनौर में काम करने की बात बताता था। इस दौरान वह घर से एक बार 25 हजार रुपये और दूसरी बार 20 हजार रुपये ले गया।
इस बीच पता चला कि सोमपाल काशीपुर की आवास-विकास कालोनी में एक महिला के साथ रह रहा है। इस पर सात जुलाई को उसकी पत्नी कविता अपनी तीन पुत्रियों मानसी (6), हिमांशी (4) और रितिका (2) को साथ लेकर काशीपुर पहुंच गई। वहां पति को पराई औरत के साथ देखकर कविता का पारा चढ़ गया। कॉलोनीवासियों ने बताया कि पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर कविता को बेरहमी से पीटा। इस घटना के बाद से मां-बेटियां गायब हैं। धर्मपाल के अनुसार काफी खोजबीन के बाद भी बहू और बच्चों का कहीं पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो प्रेमिका के घर भी ताला लगा पाया गया।
अफजलगढ़ निवासी धर्मपाल की सूचना पर पुलिस टीम आवास विकास कालोनी में आरोपी महिला के घर गई थी। लेकिन वहां ताला लगा पाया। धर्मपाल की पुत्रवधू और बच्चों के बारे में अभी कुछ जानकारी नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
- एसएस बिष्ट, चौकी प्रभारी टांडा उज्जैन काशीपुर