हरिद्वार: दिनभर नहीं हुए सूरज के दर्शन, ठिठुरन बढ़ी
ठंड का प्रकोप जारी है। हरिद्वार में बृहस्पतिवार पूरे दिन धुंध रही। शीतलहर चलने से हर कोई परेशान रहा। पैर और हाथों की अंगुलियों में गलन की शिकायत रही। लोग अलाव और हीटर व ब्लोअर का सहारा लेते दिखे। हरकी पैड़ी और गंगा घाटों पर स्नान करने से लोग बचते दिखे। बाजारों में आवाजाही कम रही। पहाड़ों में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और मैदान में कोहरा छाने से शीतलहर चल रही है। बृहस्पतिवार को सुबह से ही भेल, गंगा किनारे और पथरी और बहादराबाद क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, शहर में कोहरा कम रहा, लेकिन पूरे दिन आसमान में धुंध रही।