फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Today: राजधानी देहरादून में देर रात बारिश का कहर, घरों में घुसा पानी, दहशत में लोग

Sun, 16 Aug 2020 12:28 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

  • तलाब बनीं शहर की सड़कें, घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरा
  • कई इलाकों में पहली बार हुआ जलभराव, दहशत में कटी रात
विज्ञापन
देहरादून में बारिश के बाद भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी देहरादून में शनिवार रात मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। दिनभर रुक-रुक कर रिमझिम बारिश होने के बाद रात को जब लोग सोने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक शहर के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव होने लगा। जिसके बाद पुलिस और आपदा कंट्रोल के नम्बर पर मदद के फोन कॉल्स की झड़ी लग गई।

विज्ञापन


पहले सड़कें लबालब होने लगीं फिर लोगों के घरों में पानी भरने लगा। घण्टाघर के आसपास, रायपुर, राजपुर, आइएसबीटी, पटेल नगर, खुड़बड़ा, लक्खीबाग, टीएचडीसी देहराखास, पामसिटी, बंजारावाला, मोथरोवाला और कारगी चौक के आसपास के तमाम इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान की खबरें भी आईं।


यह भी पढ़ें: देर रात मूसलाधार बारिश के बाद तालाब बनीं देहरादून की सड़कें, घरों में कमर तक भरा पानी, तस्वीरें...
विज्ञापन


देहराखास टीएचडीसी कॉलोनी के ब्लॉक नम्बर 59 में सड़क पर खड़ीं बाइकों के ऊपर से होकर पानी बहने लगा। जबकि कारें भी आधी-आधी पानी में डूब गईं। वहीं, लोगों के घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। जिससे फर्नीचर के अलावा लोगों का अन्य सामान भी खराब हो गया। 

उधर, गोविंद गढ़, सुमन नगर में बारिश ने फिर कहर बरपाया। यहां एक सप्ताह पहले भी नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया था। लोग इस नाले को बंद करने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर उनके द्वारा धरना प्रदर्शन भी किया गया था। 

मसूरी-देहरादून मार्ग और बदरीनाथ हाईवे भूस्खलन से बंद
मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोलूखेत पानी वाली बैंड के पास भारी भूस्खलन हो गया। इसके बाद से ही दून मसूरी मार्ग बंद हो गया है। इससे पहले भी मसूरी-देहरादून कोलू खेत पानी वाले बैंड के पास मार्ग का करीब 60 मीटर हिस्सा ढह जाने से रास्ता बंद हो गया था। वहीं, बदरीनाथ हाईवे भी क्षेत्रपाल और भनेरपाणी में मलबा आने से बंद हो गया है। जिले में अभी भी 26 ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हैं।

अचानक हुए जलभराव से घबरा गए लोग

मूसलाधार बारिश के बीच अचानक से घरों में पानी भरने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सड़कों पर जमा होने के बाद पानी इतनी जल्दी घरों में घुसा की कई जगह तो लोगों को सामान संभालने तक का मौका नहीं मिला। कुछ इलाकों में जहां जलभराव के बीच लोग अपना सामान समेटने लगे वहीं कई जगह लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए घर को जस का तस छोड़कर दूसरी मंजिल पर चले गए।

कारगी पटेलनगर रोड पर फंस गई पुलिस की टीम
लालपुल से कारगी चौक जाने वाली सड़क पर ब्लेसिंग फार्म के पास सड़क पर दो फीट तक पानी बहने लगा। खेतों से आ रहा पानी नदी की तरह सड़क पार कर रफ्तार के साथ बहने लगा। जिससे सड़क पर आवाजाही जोखिमभरी हो गई। यहां से गुजर रहे कुछ बाइक सवार तो हादसे का शिकार होते-होते बचे। वहीं, टीएचडीसी देहरखास में लोगों की मदद को जा रही चीता पुलिस की टीम भी यहां फंस गई और आगे नहीं जा पाई।



रिस्पना-बिंदाल उफान पर, लोगों को किया सतर्क
शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से रिस्पना और बिंदाल नदी उफान पर आ गई। कई जगह इनसे सटी बस्तियों में जलभराव होने से खतरा भी पैदा हो गया। जिसके बाद प्रसाशन की टीम ने मौके पर पहुंच कर मुनादी कराई और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं रिस्पना और बिंदाल के अलावा कई बड़े नाले भी ओवरफ्लो हो गए। कई जगह छोटे-मोटे नुकसान की भी खबरें आईं।
विज्ञापन

बताई जा रही है अतिवृष्टि

देहरादून शहर में शनिवार रात तीन घंटे से भी ज्यादा मूसलाधार बारिश सुबह तक जारी रही। इसे अतिवृष्टि बताया जा रहा है। वहीं लगातार बारिश होने से हरकत में आए मौसम विभाग ने रात में ही चेतावनी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी। उधर, पुलिस की टीमें भी देर रात तक इधर से उधर भागती रहीं।

दहशत में कटी पूरी रात
रात करीब साढ़े तीन बजे बारिश रुकने और पानी उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, ये दहशत भी बरकरार रही कि कहीं फिर से जलभराव न हो जाए। कई जगह जहां लोगों ने पूरी रात जागकर काटी तो कई जगह लोग सुबह तक साफ-सफाई करते रहे।

जलभराव के दौरान बिजली गुल होने से बढ़ी दिक्कत
जिस वक्त लोगों के घरों में पानी घुसा उस वक्त शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली गुल थी, जिससे लोगों की दिक्कतें और भी बढ़ गईं। कई जगह तो लोगों ने जैसे-तैसे मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में अपना सामान समेटा। दरअसल बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली की लाइनों में फाल्ट आ गया, जिससे सुबह तक लाइट का आना जाना लगा रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें