मसूरी के जौनपुर विकासखंड के ग्राम बिच्छू चड़ोगी में आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इससे पूरे गांव में मातम छा गया है। सूरज सजवाण (22) पुत्र कुंदन सजवाण रात को खेतों में मक्के की फसल की रखवाली करने गया था।
तभी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी और उसकी मौत हो गई। सूरज गोवा में नौकरी करता था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते गांव वापस आ गया था। गांव में चार दिन पहले भी बिजली गिरने से एक अन्य युवक की भी मौत हो चुकी है। पोस्टमार्टम के बाद सूरज का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मसूरी में भारी बारिश के बाद मसूरी गड्डी खाना सवाय होटल आउटहाउस में निवास कर रहे लोगों के घरों में पानी भरने से भारी नुकसान हो गया। इस कारण से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पीड़ित यासीन अहमद और सोनिया ने बताया कि भारी बारिश के चलते नाला बंद होने के कारण पानी घरों घुस गया। इसके चलते घरों में चार-पांच फीट तक पानी भर गया। अभीतक सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिल पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के ऊपर एक बड़े होटल ने मुख्य नाले को बंद कर दिया है। इस वजह से घरों तक पानी घुस रहा है। जसवीर कौर सभासद ने बताया कि पालिका प्रशासन की लापरवाही है। एसडीएम मसूरी प्रेमलाल ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन को सभी बंद नालों को तत्काल प्रभाव से खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं।