इस साल कड़ाके की सर्दी लोगों का इम्तिहान ले रही है। सर्दी का हाल यह है कि हल्द्वानी 31 दिसंबर को भी मुक्तेश्वर से ठंडा रहा। 24 घंटे में हल्द्वानी का अधिकतम पारा पांच डिग्री नीचे जा गिरा, वहीं 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नगर में सुबह धूप खिली तो लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन दोपहर बाद हवा चलने के साथ बादल छा गए। अधिकतम तापमान बुधवार की तुलना में पांच डिग्री नीचे 14.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यूनतम तापमान बीते दिन से पांच डिग्री कम 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का दावा है यह 12 सालों में साल के अंतिम दिन सबसे कम है। वहीं मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार दिसंबर 2020 में ठंड का प्रकोप अन्य वर्षों की अपेक्षा ज्यादा रहा।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में 12 वर्षों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2009 19.8 2.9
2010 21 12.5
2011 24 7.4
2012 18.4 3.9
2013 21.3 12.2
2014 19.6 2.9
2015 25 6.9
2016 22.2 7.5
2017 23.5 6.4
2018 21 0.6
2019 11.5 5.8
2020 14.7 0.1