पहाड़ों की रानी मसूरी का लुत्फ लेने पहुंचे पर्यटकों को अब पाला की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को कैंपटी रोड पर इंदिरा कॉलोनी के निकट कार फिसलने से दो लोग घायल हो गए। इसके अलावा पाला की वजह से पेयजल लाइन में पानी जमने से स्थानीय लोग भी परेशान हैं।
शनिवार को देहरादून से बड़कोट उत्तरकाशी जा रही कार कैंपटी रोड पर इंदिरा कॉलोनी के निकट पाले की वजह से फिसल गई। इसके बाद कार लिंक मार्ग पर गिर गई। दुर्घटना में सुशील कुमार सोनी ग्राम खरादी बड़कोट उत्तरकाशी और नरेश कुमार बड़कोट उत्तरकाशी चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने चोटिल लोगों को कार से बाहर निकाल कर अस्पातल भेजवाया। कार को भारी नुकसान हुआ है।
वहीं पर्यटन स्थल कंपनी गार्डन में फूलों की खेती को नुकसान हो रहा है। साथ ही शहर के कई क्षेत्रों में नलों में पानी जमने की समस्या हो रही है। नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और एनएच 707ए के अधिशासी अभियंता ओपी सिंह ने बताया कि पाले से घटनाएं कम हों इसके लिए सड़कों पर चूने का छिड़काव कराया जा रहा है।