फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Today : फिर 04 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा, उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड से कांपे लोग, साधु की मौत

Sat, 19 Dec 2020 09:13 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
शनिवार को भीषण ठंड पड़ने का अनुमान - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

राजधानी दून में रात का तापमान एक बार फिर चार डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। इससे ठंड में बहुत अधिक इजाफा हुआ और लोगों को भीषण सर्दी से दो-चार होना पड़ा। मौसम विभाग ने रविवार को मौसम में कुछ सुधार की उम्मीद जताई है। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होने और लोगों को ठंड से मामूली राहत मिलने की संभावना है।

विज्ञापन

 
शनिवार को भी दून और आसपास के इलाकों में सुबह और शाम काफी अधिक ठंड रही। सुबह कोहरे के कारण धूप भी काफी देर से निकली। साथ ही तेज ठंडी हवाएं भी चलती रहीं। इसके कारण लोगों को सुबह के समय तेज ठंड से जूझना पड़ा। हालांकि दिनभर अच्छी धूप खिली रही और तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

शाम होते-होते एक बार फिर सर्द हवाएं चलने लगी और ठंडक बढ़ गई। रात होते-होते ठंड बढ़ने लगी। लोगों ने गर्म कपड़ों और अलाव के सहारे खुद को खुद को ठंड से बचाने का प्रयास किया। शनिवार रात राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम इसी तरह का बना रहने की संभावना जताई है। हालांकि रात के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। 
विज्ञापन


सुबह-शाम की सैर करने वाले हुए कम

भीषण ठंड के कारण इन दिनों सुबह-शाम की सैर करने वालों की संख्या बेहद कम हो गई है। विशेषकर रात को खाना खाने के बाद टहलने वाले ठंड के चलते कम ही निकल रहे हैं। वहीं, कई बुजुर्ग और बीमार लोग दिन के समय धूप में टहल रहे हैं। 

कड़ाके की ठंड से कांपे तराई-भाबर के लोग

तराई में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को रुद्रपुर में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर के साथ गलन बढ़ने से लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री रहा। उन्होंने बताया कि रविवार को भी जिले में इसी तरह ठंड पड़ेगी। सोमवार को धूप खिलने की संभावना है।

उधर, पर्वतीय इलाकों में दिन में धूप के बावजूद सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोहाघाट में रात को तापमान शून्य से भी कम होने से नलों में पानी जमने लगा है। पिथौरागढ़ में अधिकतम तापमान 16.3  डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अल्मोड़ा जिले के बिनसर, रानीखेत, चौबटिया आदि स्थानों में इन दिनों न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास रह रहा है।  शनिवार को अल्मोड़ा में भी न्यूनतम तापमान दो डिग्री रहा। इधर, हल्द्वानी में शनिवार को सुबह से दोपहर तक कोहरे और शीतलहर ने कंपकंपाया तो दोपहर बाद सूर्यदेव ने कुछ देर के लिए दर्शन दिए। 

कहां कितना तापमान

शहर    -      अधिकतम तापमान   - न्यूनतम तापमान
हल्द्वानी  -      9.2               -                  3.0
देहरादून    -    23.6            -            3.7
पंतनगर     -    09.2           -             3.0         
मुक्तेश्वर   -     16.3          -              2.1
पिथौरागढ़  -    19.6           -            1.2
अल्मोड़ा      -  20.0          -             1.8
चंपावत    -      20.2           -            2.8
विज्ञापन

ठंड से साधु की मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

भिक्षाटन कर अपनी गुजर बसर करने वाला एक साधु काशीपुर रेलवे ट्रैक के किनारे मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि साधु की मौत ठंड से हुई है। रामपुर निवासी मनोज रस्तोगी (50) पिछले 3-4 साल से काशीपुर रेलवे स्टेशन पर एक कैंटीन के पास काम करता था।

कोरोना संक्रमण के दौरान हुए लॉकडाउन के चलते रेलवे की कैंटीन बंद हो गई। इसके बाद मनोज बाजपुर रोड पर रेलवे ट्रैक के पास साधुओं के तंबू में आकर रहने लगा। वह भिक्षा मांगकर अपना भरण पोषण कर रहा था। शुक्रवार को मनोज ठीकठाक था। तंबू में रहने वाले वंशीवाला ने बताया कि शनिवार सुबह मनोज का कंबल अलग पड़ा था।

उसने दूसरे साधु महाकाल को जगाकर इस बारे में जानकारी दी। इन दोनों ने मनोज को हिलाकर देखा तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उन्होंने मामले की सूचना जीआरपी और टांडा चौकी पुलिस को दी। सूचना पर एसआई जीतेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया।

साधुओं ने बताया कि मृतक मनोज की एक बेटी और परिवार के अन्य सदस्य रामपुर में ही रहते है। आशंका जताई जा रही है कि ठंड में ठिठुरने के कारण मनोज की मौत हुई है। एसआई जावेद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साधु की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें