शुक्रवार की शाम उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कोहराम मचाने के बाद शनिवार की सुबह राजधानी समेत आसपास के इलाकों में मौसम खराब रहा। कल की बारिश से गर्मी गायब हो गई और मौसम सुहावना हो गया।
शनिवार को सुबह से राज्य के अधिकतर जिलों में बादल छाए रहे। वहीं शुक्रवार की शाम हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जबकि कल हुई बारिश से गिरे तापमान से लोगों ने राहत महसूस की। ठंडी हवाओं ने वीकेंड पर देहरादून पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिला दिए।
चमोली जिले में मौसम सामान्य रहा। बदरीनाथ और हेमकुंड धाम की यात्रा भी सुचारू है। केदारनाथ यात्रा भी सुचारू है। घाटी में सुबह से बादल छाए हैं। वहीं थराली का डुंगरी कोलपुड़ी मोटर मार्ग भूस्खलन से बंद हो गया। यहां अतिवृष्टि से गोपाल राम की 10 बकरियां मलबे के साथ बह गईं। जसपाल राम और 2 अन्य काश्तकारों के घोड़े खच्चर भी मलबे में दब गए।