चार बजे से रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। धाम में खराब मौसम के कारण जहां ठंड बढ़ गई है। वहीं, निचले इलाकों में बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
सोमवार को रुद्रप्रयाग में दोपहर 1.30 बजे पारा 32 डिग्री और केदारनाथ में 18 डिग्री सेल्सियस था। करीब तीन बजे के बाद आसमान में घने काले बादल छाने लगे और 3.30 बजे से रुक-रुककर कर तेज बारिश होने लगी। उधर, केदारनाथ में भी दोपहर बाद से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस दौरान यात्री काटेज व जीएमवीएन के डायनिंग हॉल में ठहरे हुए हैं। जबकि कुछ यात्री मंदिर परिसर में ही मौजूद हैं।
वहीं थराली सहित आस पास के गांवों में ओलावृष्टि होने की सूचना भी है। बारिश के बाद दो दिनों से हो रही उमस भरी गरमी से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं देवाल में भी हल्की बारिश हुई। जबकि नारायणबगड़ में गरज के साथ छीटें पड़े।