नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ स्थित इंदिरा उद्यान मार्ग के निवासियों ने मंगलवार को स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अमन गुसाईं के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विद्युत वितरण खंड विकासनगर के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजकर पुराने मीटर ही यथावत रखने की मांग की। लोगों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उन पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपे गए, तो व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनका मासिक बिल 1500 से 1700 रुपये तक आ रहा है। इस बेतहाशा वृद्धि से गरीब और साधारण परिवारों के लिए बिल का भुगतान करना भारी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बंगाली बस्ती में कुछ परिवारों के यहां जबरन स्मार्ट मीटर लगा दिए गए, जबकि जिन्होंने कड़ा विरोध किया उन्हें छोड़ दिया गया। इसी तरह गोरखा बाग में भी विरोध के बावजूद दबाव बनाकर मीटर लगाने की बात सामने आई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि ऊर्जा निगम केवल उन्हीं उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए, जो इसके लिए स्वेच्छा से तैयार हैं। इच्छुक न होने वाले उपभोक्ताओं पर मीटर बदलने का दबाव न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जबरन मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं हुई, तो स्थानीय लोग मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर पूर्व सभासद राजू बिंजोला, मदन सिंह चौहान, संजय वर्मा, गौरव बिंजोला, विष्णु उपाध्याय, अनिल गुसाईं और पंकज कुकसाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।