वोल्वो कंपनी भी उत्तराखंड में निवेश करेगी। कंपनी ने पूरे देश में 25 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बनाई है।
उत्तराखंड में कंपनी पांच हजार करोड़ रुपए का निवेश करने की तैयारी में है। यहां ‘उत्तराखंड वोल्वो’ के नाम से बस का ब्रांड तैयार होगा।
पिछले दिनों सीएम हरीश रावत व सरकार के औद्योगिक सलाहाकार रणजीत रावत से मुलाकात में कंपनी के अधिकारियों से आग्रह किया गया था कि ऐसी वोल्वो बस तैयार की जाएं जो कि पहाड़ में चलाई जा सकें। कंपनी ने उत्तराखंड की सड़कों और भौगोलिक परिस्थितियों के हिसाब से वोल्वो बसें बनाने की तैयारी की है।
ये बसे ‘उत्तराखंड वोल्वो’ के नाम से जानी जाएंगी और अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगी। यदि किसी और हिल स्टेट में इन बसों की डिमांड होगी तो भी इनका ब्रांड नेम ‘उत्तराखंड वोल्वो’ ही रहेगा। कंपनी जल्द ही इंजीनियर्स की एक टीम भेजकर पहाड़ में सड़कों का सर्वे कराएगी, ताकि यह पता चल सके कि बस का साइज क्या होना चाहिए।
अर्द्धकुंभ में भी योगदान देगी वोल्वो
सीएम के प्रस्ताव को मानते हुए वोल्वो कंपनी ने अर्द्धकुंभ मेले के दौरान तकरीबन तीन दर्जन से ज्यादा बड़ी बसें हरिद्वार व दिल्ली के बीच चलाने के लिए उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इन बसों का उत्तराखंड परिवहन निगम से अनुबंध होगा और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हो सकेगी। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
वोल्वो कंपनी से सभी मुद्दों पर बात हुई है। जहां भी कंपनी कहेगी, राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने ‘उत्तराखंड वोल्वो’ नाम से बस का ब्रांड बनाने का आश्वासन दिया है, जो कि हिल एरिया में संचालित की जा सकेंगी।
- रणजीत रावत, सीएम के औद्योगिक सलाहाकार