जनरल बिपिन रावत की स्मृति में दून डिफेंस इंटरनेशनल स्कूल व दून डिफेंस कॅरियर प्वाइंट ने मैथ्स ओलंपियाड व खेल महाकुंभ का आयोजन किया। इस मौके पर दून डिफेंस इंटरनेशनल स्कूल के मास्टर परीक्षित नौटियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, बेवरली हिल के मास्टर अर्जुन पंडित व मास्टर अंकुश सिंह ने द्वितीय और श्री गोवर्धन शिशु विद्या मंदिर की कुमारी प्राची जसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पवेलियन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने विजेता छात्रों को सम्मानित किया। विजेताओं को क्रमश: 15 हजार, 10 हजार और पांच हजार की पुरस्कार राशि दी गई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के 15 लाख बच्चों को सरकार ने निशुल्क कॉपी-किताब देने का निर्णय किया है। जरूरतमंद बच्चों के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम से हॉस्टल बनाए जाएंगे।
10वीं और 12वीं कक्षाओं के बाद विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में कॅरियर बनाने के लिए तमन्ना एप्टिट्यूड टेस्ट के माध्यम से 150 शिक्षकों द्वारा दो हजार बच्चों को काउंसिलिंग दी जाएगी। आठवीं कक्षा के बाद विद्यार्थी वोकेशनल कोर्स चुन सकते हैं। जिसको लेकर 400 स्कूलों में वोकेशनल क्लासेज शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 40 लाख छात्र-छात्राओं की हेल्थ आईडी बनाने का कार्य चल रहा है। इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, स्वामी दर्शन भारती, दून डिफेंस इंटरनेशनल स्कूल व दून डिफेंस कॅरियर प्वाइंट के निदेशक जेपी नौटियाल, मोनिका नौटियाल, गिरीश पंचोली, एसपी पंचोली, मधु भट्ट, सेवानिवृत्त कर्नल नौटियाल आदि मौजूद रहे।