विदेश राज्यमंत्री जरनल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने माना कि वन रैंक-वन पेंशन में कुछ कमियां जरूर हैं, जिसे मोदी सरकार जल्द दूर करेगी। उन्होंने कहा कि सैनिक वेतन नहीं, बल्कि अपने सम्मान और देश की सुरक्षा के लिए लड़ता है।
सैनिक को मांगने के लिए सड़क पर खड़े होने की जरूरत नहीं है। सरकार को उसका हक देना ही पड़ेगा और मोदी सरकार इसके लिए संकल्पबद्ध है। जनरल वीके सिंह शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा ने जनरल वीके सिंह को उत्तराखंड में स्टार प्रचारक जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है। उन्होंने कहा कि देश से बढ़कर कुछ नहीं है। देश की सुरक्षा का दायित्व सैनिकों के कंधों पर है। वन रैंक-वन पेंशन का मुद्दा पिछले 40 साल से लटका था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार बनाते ही इसे निस्तारित कर लाखों सैनिकों को उनका हक दिया। वीके सिंह ने कहा कि हवलदार और जेसीओ रैंक की पेंशन में कुछ खामियां हैं, जिनका अध्ययन कर सरकार को भेजा गया है। जल्द ही इसका निस्तारण हो जाएगा।
पूर्ण बहुमत में आएगी भाजपा
विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पांच एजेंडे के साथ उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सरकार बनते ही भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा। सबका साथ-सबका विकास के नारे को साकार किया जाएगा। जनसेवक होने के नाते सरकार के कार्यों को समय-समय पर जनता के सामने रखा जाएगा।
आखिरी छोर के व्यक्ति तक विकास की अवधारणा को सार्थक किया जाएगा। विरोधियों को नीचा दिखाने के बजाए सबको साथ लेकर प्रदेश में मजबूत विकास की नींव रखी जाएगी। आम बजट का जिक्र करते उन्होंने कहा कि बजट में किसान, युवा, महिला, रोजगार का खास ध्यान रखा गया है।