शनिवार को पांच दिन के उत्तराखंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा देहरादून के जौलीग्रांट एअरपोर्ट पहुंचे। वहां से वे कार से होटल आनंदा पहुंचे। बताया जा रहा है कि विराट का यह बेहद निजी दौरा है।
सोमवार को विराट का 30वां जन्मदिन है। जन्मदिन मनाने के लिए वह उत्तराखंड की शांत वादियों में आए हैं। होटल के सूत्रों के अनुसार सुबह छह बजे विराट ने होटल के जिम में खूब पसीना बहाया। इसके बाद विराट और अनुष्का जूस और कॉटिंनेंटल फूड खाया। नाश्ते के बाद दोनों कमरे में ही रहे।
अपने चहेते स्टार को देखने के लिए होटल के आसपास प्रशंसक पहुंचे थे, लेकिन विराट और अनुष्का होटल के कमरे से बाहर नहीं निकले। सूत्रों के अनुसार विराट सात नवंबर को लौटेंगे। वह संभवता अपने जन्मदिन के दिन हरिद्वार जाएंगे। जहां अंबू वाला आश्रम में विराट के जन्मदिन के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। और रात्रि को बर्थडे पार्टी होटल आनंदा में मनाएंगे। स्थानीय प्रशासन को विराट और अनुष्का के होटल आनंदा में होने की कोई जानकारी नहीं है।
इस दौरान फैंस भी उन्हें देखने के लिए काफी उत्साहित हैं, लेकिन वे दोनों बाहर नहीं आए। विराट और अनुष्का शादी से पहले भी यहां आ चुके हैं। अनुष्का शर्मा के गुरु का आश्रम अनंतधाम भी हरिद्वार के अंबूवाला में है। इस दिन इन दोनों के हरिद्वार पहुंचने की भी पूरी संभावना है।
अनुष्का और विराट कोहली बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए यहां पहले भी साल 2016 में आ चुके हैं। वहीं अनुष्का के परिजन भी बाबा पर पूरा विश्वास करते हैं। इसलिए वे उन्हें शादी में अपने साथ इटली लेकर गए थे।
आपको बता दें कि अनुष्का शर्मा का दून के नेशविला रोड पर ‘शीला भवन’ नाम से पुश्तैनी आवास है। यहीं पर वे बचपन में रही हैं। इस घर में अब अनुष्का की दादी, चाचा, चाची रहते हैं। हालांकि अब अनुष्का यहां काफी कम आती हैं, लेकिन जब भी आती हैं बचपन को याद कर खूब खुश हो जाती हैं। लेकिन हो सकता है कि वे यहां भी आएं।
साल 2017 के नूतन वर्ष का स्वागत इन दोनों ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, उनकी पत्नी जया बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी व उनकी पत्नी टीना अंबानी के साथ इसी होटल में मनाया था। उस वक्त विराट व अनुष्का की सगाई की अटकलें चली थी।