- दसोऊ से हिमाचल प्रदेश प्रवास पर जाएंगे देवता
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। खत दसोऊ में विराजमान छत्रधारी चालदा महासू देवता के हिमाचल प्रदेश प्रवास पर जाने की तैयारियों के लिए मंदिर परिसर में बैठक आयोजित हुई। समिति के पदाधिकारियों व खत के अलग-अलग गांवों से आए ग्रामीणों ने इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की।
खत स्याणा शूरवीर सिंह चौहान ने बताया कि देवता आठ दिसंबर को मंदिर के गर्भगृह से बाहर आएंगे और दो दिनों तक मंदिर के बाहर स्थित बागड़ी कक्ष में विराजमान रहेंगे। इसके बाद 10 दिसंबर को भूपोऊ गांव में एक रात प्रवास करेंगे। 11 दिसंबर को मयार में देवता बागड़ी के रूप में दसोऊ गांव के ग्रामीणों के आग्रह पर ठहरेंगे। 12 को सावड़ा व 13 को द्रविड़ हिमाचल में पहुंचेंगे। वहां से 14 दिसंबर को सात दिनों की पदयात्रा के बाद हिमाचल के पश्चिम स्थित मंदिर में विराजमान होंगे। खत दसोऊ के ग्रामीणों ने देवयात्रा के पड़ावों में व्यवस्था बनाने के लिए समिति का गठन किया। बैठक में पदम सिंह, जगत सिंह चौहान, ग्राम प्रधान ऋतिक चौहान, रणवीर शर्मा, रघुवीर सिंह, अतर सिंह, सुंदराम नौटियाल, राजेंद्र नौटियाल आदि उपस्थित रहे।