विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में वीर शहीद केसरीचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के लिए जनसंपर्क के दौरान आर्यन ग्रुप और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आर्यन ग्रुप के पांच- सात कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर रही है एक छात्रा के साथ अभद्रता और मारपीट की। बीच बचाव करने आए छात्र का सिर फोड़ दिया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बाजार चौकी में जमकर हंगामा काटा। पुलिस को छात्रा की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम एबीवीपी के कार्यकर्ता अजीतनगर में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। संगठन से जुड़े छात्र और छात्राएं अनम नाम की छात्रा के घर से जनसंपर्क लौट रहे थे। अनम आर्यन ग्रुप से जुड़ी हैं।
जनसंपर्क के बाद एबीवीपी के दो कार्यकर्ता मानसी और यावर बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे थे। मानसी ने बताया कि इस दौरान आर्यन ग्रुप के कुछ बाइक सवार कार्यकर्ता उनके सामने आ गए। आर्यन ग्रुप के पांच - छह छात्रों ने उनके साथ गाली गलौज - और मारपीट की। बताया कि किसी तरह साथी छात्रों ने उनको घर तक पहुंचाया। लेकिन, आर्यन ग्रुप के छात्र नेता उनके घर ही पहुंच गए।
सभी ने उनके और यावर के साथ फिर से मारपीट की। बीच बचाव करने पर यावर का सिर्फ फोड़ दिया। सूचना पर एबीवीपी के नेता और छात्र संघ अध्यक्ष आशीष बिष्ट, मोहित जैन आदि घायल छात्र-छात्राओं के साथ बाजार चौकी में पहुंचे। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बाजार चौकी में जमकर हंगामा काटा। आर्यन ग्रुप के छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कुमार, डाकपत्थर चौकी प्रभारी संदीप पंवार और छात्र नेताओं के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। उसके बाद घायल छात्रों ने आरोपियों के खिलाफ बाजार चौकी में तहरीर दी।
यावर और मानसी उपचार और मेडिकल जांच के लिए उप जिला अस्पताल, विकासनगर पहुंचे। इस दौरान एबीवीपी के छात्र नेता भी अस्पताल पहुंच गए। हंगामे की आशंका के चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। छात्र और छातत्रा का मेडिकल करवाया गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि छात्रा की ओर से आर्यन छात्र संगठन के अरुण भार्गव, लक्ष्मी वर्मा, अनिकेत, जुबैर, हसन, थापा, गौरव आदि के खिलाफ तहरीर मिली है। बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।