शरीर ने भले ही साथ देने से इनकार किया हो, पर टिहरी के खर्क गांव के दसवीं के छात्र विजय सिंह ने अपनी लगन से लांस एंजेलिस में हुए स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स में एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीत लिए।
विकलांगता को जीत की राह में बाधा न बनने देने का हौसला रखने वाले विजय सिंह को गुरुवार को बीजापुर में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सम्मानित किया।
सरकार ने माना कि विजय सिंह की खेल प्रतिभा को निखारने में उनके कोच और राजकीय उच्चतर माध्यमिक खोला कड़ाकोट के व्यायाम शिक्षक सतीश बलूनी का भी खासा योगदान है। बलूनी को शिक्षा विभाग पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करेगा।
पिता दर्मियान सिंह को खो चुके विजय सिंह के सामने चुनौतियों के पहाड़ हैं। शरीर से कुछ हद तक लाचार विजय सिंह ने कड़ाकोट में शरीर से भले चंगे विद्यार्थियों के बीच में दौड़ की अपनी प्रतिभा का परिचय इससे पहले भी दिया।