पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के पुत्र को अगले विधानसभा चुनाव में सितारगंज से टिकट दिए जाने की सुगबुगाहट से खफा कुमाऊं मंडल विकास निगम के चेयरमैन और सितारगंज के पूर्व विधायक किरन मंडल ने अपने तेवर दिखाए हैं।
केएमवीएन चेयरमैन ने जताया आक्रोश
उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम एक अच्छे जज हो सकते हैं, लेकिन अच्छे राजनीतिज्ञ नहीं। बुधवार को कांग्रेस मंडल अध्यक्ष देवेंद्र जुनेजा राजू के टनकपुर रोड स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में केएमवीएन चेयरमैन ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उन्होंने सितारगंज की जनता की भावना के अनुरूप पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के लिए त्यागपत्र दिया था।
पर इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने हमेशा के लिए सीट छोड़ दी। पूर्व सीएम के वादे के अनुसार दो वर्ष में स्पष्ट किया जाना था कि सितारगंज विधानसभा सीट पर आगे क्या होगा, लेकिन स्थिति स्पष्ट करने के बजाय पूर्व सीएम अपने पुत्र को सितारगंज विधानसभा सीट पर उतारने के फिराक में हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बहुमत में है, इसका मतलब यह नहीं कि प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा से नाता तोड़ लिया जाए।
उन्होंने युवा नेता राम पांडे के इस सुझाव पर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र जुनेजा राजू से प्रस्ताव भेजने को कहा कि सीमांत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक गेस्ट हाउस खोला जाए। इस अवसर पर देवेंद्र जुनेजा, अरुण सक्सेना, विनीत गुप्ता, सुनील बत्रा आदि मौजूद थे।