ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत दून पुलिस ने जनपद में सत्यापन अभियान चलाया। नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कबाड़ का काम करने वाले 293 लोगों का सत्यापन किया।
जांच में सामने आया कि कई दुकानदारों ने अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। ऐसे 56 व्यक्तियों के चालान कर पांच लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं।