उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के शनिवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था के बाबत मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शनिवार को इक्फाई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगें। दीक्षांत समारोह का आयोजन मोहकमपुर स्थित भारतीय पेट्रोलियम संस्थान के सभागार में होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उपराष्ट्रपति सुबह 10:15 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिये वह 10:50 बजे भारतीय पेट्रोलियम संस्थान में आयोजित इक्फाई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगे। यहां करीब डेढ़ घंटे रुकने के बाद दोपहर एक बजे वापस जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
एडीजी ने पुलिसकर्मियों से उपराष्ट्रपति के आने के प्रस्तावित समय के करीब तीन घंटे पहले ड्यूटीस्थल पर तैनात रहने को कहा है। एडीजी शुक्रवार को आईआईपी सभागार में उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के साथ ब्रीफिंग कर रहे थे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती व अन्य अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था के बाबत दिशा निर्देश जारी किए। अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि उपराष्ट्रपति से मिलने आने वाले सभी लोगों पर खास नजर बनाए रखी जाए।
यदि को अकस्मात मिलने की कोशिश करता है तो उस पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के आसपास ऊंची इमारतों पर भी विशेष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। आईआईपी के पीछे जंगलों में भी पुलिस की एक टीम को तैनात करने के साथ ही ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मियों के मोबाइल प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं।