जजरेट के पास सड़क पर आए मलबे को हटाती जेसीबी और एलएनटी मशीन
- फोटो : VIKAS NAGAR
साहिया। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेट के पास सक्रिय पहाड़ी आम जनता के लिए मुसीबत बन गई है। आए दिन पहाड़ी से पत्थर लुढ़कते रहते हैं। लोगों को जान हथेली पर रख सड़क का यह हिस्सा पार करना पड़ता है।
बीते रविवार को देर रात हुई बारिश के चलते भी सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया था। इसके चलते सड़क पर करीब नौ घंटे वाहनों की आवाजाही थमी रही। लोगों को घंटों वाहन में बैठ सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। फसलों से लदे कई वाहन भी फंस रहे। इसके साथ ही सरकारी नौकरी करने वाले लोगों को भी कार्यालय तक पहुंचने में खासा दिक्कतें पेश आईं। रविवार देर रात एक बजे सड़क पर ठप हुई वाहनों की आवाजाही सुबह 10 बजे बहाल हो सकी। नौ घंटे तक लगातार पहाड़ी से मलबे के रूप में बोल्डर पत्थरों के लुढ़कने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान कई वाहन वाया बैराटखाई होते हुए अपने गंतव्य को रवाना हुए। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उक्त मोटर मार्ग से 40 से अधिक गांव की आबादी जुड़ी हुई है, लेकिन हल्की सी बारिश में ही मार्ग बंद हो जाता है। लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह का कहना है कि जल्द ही मार्ग पर पुल निर्माण के लिए दूसरी किश्त भी स्वीकृत हो जाएगी। इसके बाद मार्ग पर वैकल्पिक व्यववस्था के तौर पर पुल निर्माण के काम में तेजी लाई जाएगी।