-उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने की केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा से मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में वाहनों की फिटनेस संबंधी समस्याएं उन्हें बताने के साथ ही फिलहाल राहत की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह पंवार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि प्रदेश में अभी सभी जिलों में ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर स्थापित नहीं हुए हैं लेकिन राज्य परिवहन विभाग ने इसकी अनिवार्यता कर दी है। इस कारण कई जिलों के टैक्सी, मैक्सी वाहन मालिकों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि जब तक राज्य के सभी जिलों में फिटनेस सेंटर नहीं बन जाते, तब तक पूर्व की ऑफलाइन व्यवस्था को बहाल रखा जाए।
केंद्रीय मंत्री टम्टा ने मामले में केंद्रीय परिवहन सचिव बी उमाशंकर, राज्य के सचिव परिवहन बृजेश संत से फोन पर वार्ता की। वार्ता के बाद उन्होंने महासंघ पदाधिकारियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर दीपक भट्ट, यशवीर सिंह पंवार, नवल किशोर, ठाकुर सिंह बिष्ट, बीर सिंह राणा, मुकेश खरोला, गणेश जंग थापा आदि मौजूद रहे।