मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बस खरीद के लिए योजना में 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रस्ताव तुरंत तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने बसों के संचालन में सुविधा के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। बैठक में सचिव सौजन्या, अपर सचिव सोनिका, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नए रूटों पर जल्द संचालित होंगी बसें
पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह नई सड़कों का निर्माण हुआ है। लेकिन सड़के बनने के बाद भी वहां बसों का संचालन नहीं हो रहा, जिससे स्थानीय लोगों को यातायात में भारी समस्या झेलनी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में बसों के संचालन को सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर यातायात तो संचालित है, लेकिन परिवहन विभाग ने अधिकृत स्वीकृति जारी नही की है, वहां तुरंत बसों के संचालन की अनुमति दी जाए।