राजभवन इन दिनों लिलियम, ट्यूलिप, कैल्सियलोरिया, रेनिनक्यूलस, साइक्लामिन, प्रिमूला, फ्यूशिया, स्वीट विलियम जैसे आकर्षक फूलों से गुलजार है। राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पाल के दिशा-निर्देश पर राजभवन में पुष्प प्रदर्शनी ‘बसंतोत्सव-2016 की तैयारियां पूरी कर ली गई है। राजभवन में खिले फूलों की छटा देखेते ही बन रही है।
राजभवन में चल रहीं वसंतोत्सव की तैयारियां
उद्यान विभाग के तत्वाधान में राजभवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ‘पुष्प प्रदर्शनी/बसंतोत्सव-2016’ की तैयारियां चल रहीं हैं। राजभवन में आगामी पांच और छह मार्च को आयोजित ‘बसंतोत्सव में आमजन फूलों की अद्भुत छटा का दीदार कर सकेंगे। बसंतोत्सव के जरिए आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करने का पूरा प्रयास होगा।
इस वर्ष राजभवन परिसर में 46 प्रजातियों के मनमोहक फूलों को उगाया गया है। बसंतोत्सव-2016 को लेकर राज्यपाल स्वयं पूरी तरह सजग हैं। राज्यपाल के निर्देश पर राजभवन में ‘ट्यूलिप’ लगाए गए हैं।
राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल का मानना है कि उत्तराखंड में ट्यूलिप की व्यावसायिक खेती की अपार संभावनाएं हैं। इसकी खेती करके न सिर्फ अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है बल्कि ग्रामीण इलाकों में रोजगार के बेहतर अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।