उत्तराखंड में पौड़ी जिले के द्वारीखाल ब्लाक के सिलोगी क्षेत्र में एक मारुति वैन के खाई में गिरने से मां-बेटी समेत उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।
पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें चैलूसैण और कोटद्वार के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। हादसे से सिलोगी के बन्नी गांव में कोहराम मचा है। लैंसडौन से तहसीलदार और नायब तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।
लैंसडौन के नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह रावत ने बताया कि घटना मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे की है। सिलोगी से करीब 20 किमी दूर ग्वील मार्ग पर सवारियों से भरी वैन करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुनसान इलाका होने के कारण हादसे की जानकारी देर से मिल सकी।
शादी के सामान की खरीदारी के लिए परिवार के लोग गए थे सिलोगी बाजार
गांव में अगले महीने शादी है
बन्नी के प्रधान जयपाल सिंह रावत ने बताया कि गांव में अगले महीने शादी है, शादी के सामान की खरीदारी के लिए परिवार के लोग सिलोगी बाजार गए थे। वापसी में गांव के कुछ और लोग भी वैन में सवार हो गए।
हादसे में वैन चालक अंकित नेगी उर्फ हुकुम सिंह (24) पुत्र बृजमोहन, सांगुली देवी (75) पत्नी कुंदनलाल, खुशी (6) पुत्री धनवीर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल ममता देवी (28) पत्नी धनवीर सिंह की अस्पताल ले जाते समय सिलोगी में मौत हो गई। चारों लोग बन्नी गांव के ही निवासी थे।
घायलों में सुभद्रा देवी (55) पत्नी मोहनलाल, कुमारी शिवानी (14) पुत्री दिनेश चंद्र, संजय प्रसाद (38) पुत्र शंभूप्रसाद, मोहनलाल (60) पुत्र कुंदनलाल और नैना (6 माह) पुत्री धनवीर सिंह सभी निवासी ग्राम बन्नी (सिलोगी) शामिल हैं। देर शाम तक सभी को कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।