डोईवाला। कोरोना वैक्सीन न मिलने से डोईवाला के नौ सेंटरों में ताले लग गए हैं। इससे वैक्सीनेशन सेंटरों से लाभार्थियों को निराश वापस लौटना पड़ा। विभाग ने कोरोना वैक्सीन की बची हुई डोज से किसी तरह तीन सेंटरों में लाभार्थियों का टीकाकरण किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला के अंतर्गत 12 वैक्सीनेशन सेंटर संचालित किए जा रहे थे। रविवार को नौ सेंटरों को वैक्सीन नहीं मिल पाई। इसके कारण वैक्सीनेशन सेंटरों को बंद कर दिया गया। डोईवाला अस्पताल, दूधली और भानियावाला में सेंटरों में टीकाकरण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केएस भंडारी ने बताया कि डोईवाला अस्पताल और दूधली में 100-100 और भानियावाला केंद्र पर 150 स्लाट दिए गए। वैक्सीन उपलब्ध होने पर सभी केंद्रों पर टीकाकरण शुरू हो जाएगा।
डोईवाला अस्पताल में बच्चों के लिए छह बेड तैयार
डोईवाला। कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में बच्चों के लिए छह बेड तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा अस्पताल में ऑक्सीजन आदि अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को जुटाया जा रहा है।
कोरोना का बदलता स्वरूप खतरनाक बताया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड की व्यवस्था की जा रही है। सीएमएस डॉ. केएस भंडारी ने बताया कि तीसरी लहर के संभावित खतरे को देखते हुए अस्पताल में छह बेड की व्यवस्था कर ली गई है। ऑक्सीजन और दवाएं आदि पर्याप्त मात्रा में है। अस्पताल में केवल आईसीयू वेंटिलेटर का अभाव है।