बारिश ने उत्तरकाशी में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महिडांडा-संग्राली गांव को जोड़ने वाली सड़क पर बरसात के दौरान कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। बृहस्पतिवार शाम तेखला के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में चट्टानी पत्थर और मलबा सड़क पर गिर गया। इस दौरान मार्ग से गुजर रहे लोग बाल-बाल बचे।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों, हरिभजन, देवेश नौटियाल और उद्धव नैथानी ने बताया कि वे शाम के समय उत्तरकाशी से अपने गांव की ओर जा रहे थे। तभी तेखला के पास पहाड़ी से तेज आवाज के साथ बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। कुछ देर तक मलबे से उठी धूल के कारण आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। घटना के समय कुछ वाहन भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के पास खड़े थे, जिन पर मलबा गिरा, हालांकि वाहनों को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही इस मार्ग पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि सड़क सुबह भी कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय करने और मार्ग को सुचारु रखने की मांग की है।