फार्मेसी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरार हुए चौथे आरोपी की लोकेशन दूसरे जिले में मिलने से पुलिस टीम उसको पकड़ने के लिए रवाना हो गई है।
जिला अस्पताल में कराए गए छात्रा के मेडिकल परीक्षण में भी बलात्कार की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार तीनों आरोपी युवकों का भी जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है।
बता दें कि जिला मुख्यालय से सटे एक कस्बे की एक युवती के साथ शुक्रवार रात को सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने पर पुलिस ने शनिवार को चार युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। कोतवाली में दी गई तहरीर में पीड़िता ने कहा था कि वह अपनी सहेली के घर आई थी।
रात को खाना खाने के बाद वह अपने दोस्त के साथ टहलने निकली थी, तभी रास्ते में शराब पी रहे चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। बदसलूकी करने पर जब उसके दोस्त ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसे पीटकर वहां से भगा दिया। इसके बाद चारों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
कोतवाली प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आशीष बिजल्वाण निवासी जोशियाड़ा, विजय शंकर निवासी कोटी, अजय भट्ट निवासी ग्राम जसपुर और मनीष अवस्थी निवासी कोटियाल गांव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपी आशीष, विजय शंकर और अजय रात को ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि मनीष अवस्थी फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार तीनों आरोपी आपस में मौसेरे भाई हैं। विजय होटल मैनेजमेंट कर चुका है, जबकि आशीष और अजय चंडीगढ़ में किसी कंपनी में काम करते हैं। फरार चल रहा मनीष अवस्थी पोर्टर का काम करता है। पुलिस ने मनीष को पकड़ने के लिए एक देहरादून भेजी है, जहां उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।