बसंती देवी करीब चार माह पहले अपने बेटे अभिषेक (8) का इलाज कराने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से दिल्ली के गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल पहुंचीं। इतना समय बीत जाने के बाद भी अभी तक बेटे की सर्जरी नहीं हो पाई है।
अब महिला के लिए बेटे की सर्जरी से ज्यादा जरूरी पति की तलाश है। 28 जून से उसका पति अस्पताल से गायब है और इसकी पुलिस में भी शिकायत दे दी गई।
पिथौरागढ़ के बेरीनाग प्रखंड के लोहाथल गांव निवासी बसंती देवी अपने बेटे के ब्रेन ट्यूमर का इजाज कराने दिल्ली के सुपर स्पेशियलिटी जीबी पंत अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वे बेटे की सर्जरी का इंतजार करती रहीं, इसी दौरान 28 जून को उनका पति हुकुम सिंह गायब हो गया।
अस्पताल में इधर-उधर तलाशने के बाद जब पति का कहीं पता नहीं चला तब उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन अभी तक पुलिस भी हुकुम सिंह का पता नहीं लगा पाई। महिला अब बच्चे की बीमारी का गम भूल कर पति की तलाश में जुटी है।