तीसरी सब-जूनियर नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप में उत्तराखंड की बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन शिमला में रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया व हिमाचल रोल बॉल एसोसिएशन की ओर से किया गया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने पंजाब को 13-1 से हराया, दिल्ली के साथ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा जबकि जम्मू-कश्मीर को 7-1 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, बालिका टीम ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ के खिलाफ 6-0 की बड़ी जीत दर्ज की। बालक वर्ग टीम की कमान कुशाग्र पांडेय ने संभाली। बालिका टीम की कप्तान मीमांसा पुंडीर रहीं।