बैठक के बाद जावलकर ने बताया कि विश्वविख्यात पाटा ट्रेवल मार्ट के आयोजन को लेकर पाटा और एटीओएआई के प्रतिनिधि निरीक्षण करने के लिए राज्य में आए हुए हैं। इस क्रम में उन्होंने देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी के अनेक होटलों को देखा और ऋषिकेश-मुनिकीरेती स्थित गंगा रिसोर्ट को आयोजन स्थल के लिए चुना।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में लगभग 60 देशों के सैलर्स तथा इतने ही देशों के बायर्स के आने की संभावना है। इनकी अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा प्रायोजित करने के लिए केंद्र सरकार ने सहमति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सैलर्स के प्रतिनिधित्व के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पाटा प्रतिनिधियों के अनुरोध पर स्थानीय योग विशेषज्ञों के स्तर पर योग डेमोस्ट्रेशन, प्रैक्टिस के अतिरिक्त योग तथा वैलनेस पर विस्तृत व्याख्यान भी इस दौरान होंगे। सितंबर में मलेशिया में लंकावी में प्रस्तावित पाटा मार्ट में उत्तराखंड के कार्यक्रम को लेकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।