फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Weather: आज मैदानी इलाकों में मौसम खराब, बदरीनाथ धाम में जमकर बर्फबारी

Thu, 20 Jan 2022 12:22 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ आदि जिलों में बारिश के साथ ही 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की पूरी संभावना है।
विज्ञापन
बदरीनाथ धाम में बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम में आए बदलाव के चलते गुरुवार को मैदानी क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार हैं। सुबह से देहरादून सहित अन्य इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हो रही है।

विज्ञापन


बर्फबारी से बढ़ी ठंड
यमुनोत्रीधाम के साथ ही आसपास की चोटियों बंदरपूंछ, सप्त ऋषिकुंड, बालीपास, गरुड़ गंगा टॉप पर बर्फबारी हो रही है। जबकि धाम से लगे गांव खरशाली, जानकीचट्टी, नारायणपुरी, फूलचट्टी, बनास गांव क्षेत्र में भी हल्की बर्फ पड़ी है। मुनस्यारी में बुधवार रात से बारिश हो रही है और ऊंची चोटियों में हिमपात जारी है। यहां कालामुनि में 2 इंच, बेतूलीधार में 2 इंच और खलिया में 1 फिट बर्फ पड़ चुकी है। यह इस सीजन की 12वीं बर्फबारी है।

बदरीनाथ हाईवे बंद
श्रीनगर में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बछेली खाल के समीप मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की आहट का असर है। शुक्रवार सुबह से पश्चिमी विक्षोभ मैदान से लेकर पहाड़ तक पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।
विज्ञापन


बदरी-केदार, हेमकुंड साहिब में जमकर हुई बर्फबारी
तड़के से ही बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, सहित ऊंचाई वाले गांवों में जमकर बर्फबारी हुई। देर शाम तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रही। वहीं केदारनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। धाम में लगभग एक फीट से अधिक ताजी बर्फ जमी है। जबकि पहले से करीब दस फीट बर्फ जमा है। यहां पुलिस टीम के साथ कुछ साधु-संत ही मौजूद हैं। 

दो दिन तक बिगड़े मौसम के बीच गुरुवार सुबह 10 बजे से केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो गई थी। इसके बाद यहां दिनभर बर्फबारी होती रही। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ, चंद्रशिला, चोपता सहित हरियाली कांठा में भी जमकर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण जखोली, ऊखीमठ और अगस्त्यमुनि ब्लाक के ऊपरी क्षेत्र के गांवों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी पशुपालकों को झेलनी पड़ रही है। बता दें कि पिछले दिनों हुई बर्फबारी से 50 से अधिक गांवों में लोगों को आवाजाही सहित दैनिक कार्यों को लेकर परेशान होना पड़ा था। इधर, रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, मयाली, जखोली में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

नई टिहरी: बारिश और हल्की बर्फबारी से गिरा तापमान 
गुरुवार को मौसम की बेरुखी से लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पाई। सुबह से ही बूंदाबांदी होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से दिनभर शीतलहर चलती रही। दिनभर रुक-रुककर बारिश होने से पर्यटन स्थल धनोल्टी, काणाताल, प्रतापनगर, सेम-मुखेम और गंगी आदि क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी जहां स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत साबित हो रही है, वहीं पर्यटकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए धनोल्टी पहुंचते रहे। 

कोहरे से ठंड से बीमारियों का हमला 
मौसम के बदले मिजाज के चलते सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ ही उल्टी, दस्त से पीड़ित मरीजों की भीड़ सरकारी और निजी अस्पतालों में देखने को मिल रही है। पिछले पांच दिनों के भीतर दून अस्पताल, कोरोनेशन, गांधी शताष्ब्दी जैसे सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ में इजाफा हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल मौसम के मिजाज दो देखते हुए थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत ने बताया कि अस्पताल में जितने मरीज इलाज कराने आ रहे हैं उसमें से ज्यादातर सर्दी, जुकाम, बुखार और डायरिया से पीड़ित हैं।

पंतनगर: कोहरे के चलते दून-पंतनगर फ्लाइट तीसरे दिन भी रद्द
देहरादून-पंतनगर हवाई मार्ग पर हवाई सेवा प्रदान कर रही एयर इंडिया की फ्लाइट लो-विजिबिलिटी के चलते लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी रद्द कर दी गई। इससे दून-पंतनगर-दून फ्लाइट का टिकट बुक करा चुके यात्रियों को निराश होना पड़ा। शुक्रवार को शेड्यूल न होने से अब यह फ्लाइट मौसम सही होने पर शनिवार को ही पंतनगर आएगी।

पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक राजीव पुनेठा ने बताया कि गुरुवार को भी पंतनगर में विजिबिलिटी मात्र 500 मीटर थी, जबकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 1500 मीटर विजिबिलिटी की जरूरत होती है। गुरुवार को भी एयर इंडिया की फ्लाइट तय समय पर दिल्ली से उड़ान भरकर देहरादून पहुंची, लेकिन पंतनगर में लो-विजिबिलिटी के चलते फ्लाइट लगभग एक घंटे इंतजार के बाद दिल्ली चली गई।

इसके चलते इस मार्ग पर टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अन्य माध्यमों से अपने गंतव्य को रवाना होना पड़ा। नए शेड्यूल के तहत शुक्रवार को भी फ्लाइट पंतनगर नहीं आएगी। यदि मौसम मेहरबान रहा तो इस शेड्यूल के तहत शनिवार को पंतनगर में फ्लाइट पहुंचेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें