मसूरी में गुरुवार देर शाम से हल्की बारिश जारी है जिससे शहर में ठंड और बढ़ गई है। बीते दो दिन से लोगों को सूर्यदेव के दर्शन भी नही हुए, तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई। ठंड के चलते शहर में पर्यटकों की संख्या में भी कमी दिखाई दे रही। चौक चौराहों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे।
कुमाऊं के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
पिथौरागढ़ जिले में बादल छाए हुए हैं। वहीं, गुरुवार देर रात से ही उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात जारी है। वहीं, निचले हिस्सों में बारिश हुई। पिथौरागढ़ के पंचाचूली, नग्निधूरा, हंसलिंग सहित छिपला, व्यास और दारमा घाटियों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है। धूप के दर्शन नहीं होने और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और निचले इलाकों में बूंदाबांदी से ठिठुरन बढ़ गई है।