दिन भर राहत, शाम को आफत की बारिश
लगातार कुछ दिनों से हो रही बारिश ने सोमवार दिन भर राहत दी तो शाम को अचानक मौसम में हुए बदलाव के साथ आफत की बारिश भी हुई। करीब घंटे भर तक हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक, माजरा समेत कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों की समस्या दोगुनी हो गई। खासकर दोपहिया वाहन चालक व राहगीरों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
दून पुलिस ने नदी किनारे रहने वालों को किया अलर्ट
देहरादून तथा पहाड़ी जनपदों में लगातार हो रही भारी बारिश तथा उससे नदियों का जलस्तर बढ़ने के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस की अलग- अलग टीमों द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहते हुए हर स्थिति पर लगातार सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, साथ ही लगातार नदी/ नालों के किनारे तथा संवेदनशील स्थानों पर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है तथा लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी/ नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है।