मानसून सीजन में पिछले डेढ़ महीने से बारिश हो रही है। पहाड़ों में कई बार तेज बारिश हुई और चमोली जनपद में नुकसान भी हुआ। लेकिन गंगा का जलस्तर 292 मीटर के आसपास ही दर्ज किया गया। इससे प्रशासन भी चिंतित नहीं था। यहां तक कि बाढ़ चौकियों पर चौकीदार न होने पर कोई कार्रवाई नहीं की।
यहां तक कि निरीक्षण तक नहीं किया। केवल निगाह रखने के निर्देश जारी थे। लेकिन इस बार चेतावनी कि निशान तक जलस्तर पहुंच जाने से प्रशासन मैदान में उतरने को मजबूर हो गया। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि गंगा के तटवर्तीय क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए लेखपालों को तैनात कर दिया है।
बिशनपुर कुंडी में किया अलर्ट
बिशनपुर कुंडी व पुरानी कुंडी में सोमवार को गंगा में पानी बढ़ गया है। बरसात का मौसम होने के कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते गंगा में जलस्तर बढ़ गया। गंगा में अधिक पानी आने से बिशनपुर कुंडी व पुरानी कुंडी के अलावा कई गांवों में बाढ़ का खतरा बना रहता है। कानूनगो ऋषिपाल सिंह चौहान का कहना है कि सोमवार को गंगा में पानी बढ़ने पर गंगा किनारे बसे बिशनपुर कुंडी व पुरानी कुंडी के लोगों को अलर्ट किया गया है। लोगों को गंगा से दूर रहने की हिदायत दी गई है।