उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में जबर्दस्त गिरावट आ गई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय समेत निचले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में अधिकतम तापमान 7 डिग्री और न्यूनतम माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड बढ़ने से सेब आदि फल वृक्षों की फ्लावरिंग भी प्रभावित हो रही है।
कर्णप्रयाग, थराली, नारायणबगड़, गौचर, लंगासू, सिमली, नौटी, नंदासैंण, आदिबदी, देवलकोट, गैरसैंण,कालेश्वर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। देवाल क्षेत्र में रूपकुंड, वेदनी, आली, ब्रह्मताल, बगजी बुग्याल में बर्फबारी हुई जबकि लोहाजंग, घेस, बलाण, हिमनी, पिनाऊं, वांण, कुलिंग, वांक, सौरीगाड़, रामपुर, तोरती सहित 24 से अधिक गांव में शीतलहर चल रही है। मुख्य पर्यटन स्थल रूपकुंड, बगुवावासा, आली, ब्रह्मताल, वेदनी, नवाली व बगजी बुग्याल में बर्फबारी हुई।
अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती उपाय करने की सलाह
तेज हवाओं और बारिश, बर्फबारी के कारण कई पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन भी हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर की अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में आशंका ज्यादा है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने सरकारी अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। शनिवार और रविवार को भी कई इलाकों में इस तरह का मौसम बना रह सकता है। सोमवार से ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।