पुलिस ने नदी-नालों के किनारे रहने वालों को किया अलर्ट
राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारिश की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रात से ही पुलिस टीमें नदी-नालों के किनारे और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क कर रही हैं। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की जा रही है। पुलिस नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेज रही है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि सभी थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जाएगा।
प्रदेश में बारिश ने बरपाया कहर,115 सड़कें बंद
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। सड़कों पर मलबा आने से कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 115 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से बंद है। इसके अलावा जिले में 12 ग्रामीण मार्ग भी बंद हैं। जबकि देहरादून में एक राज्य और 14 ग्रामीण मार्ग, अल्मोड़ा में 13 ग्रामीण मार्ग, रुद्रप्रयाग में तीन, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार और टिहरी में एक राज्य और 13 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। बंद सड़कों में सबसे अधिक 31 सड़कें पौड़ी जिले की हैं। इसमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।